रियो डि जनेरियो, 1 जनवरी (आईएएनएस)| ब्राजील में ग्रीस के राजदूत की हत्या की साजिश रचने के जुर्म में उनकी पत्नी को जेल भेज दिया गया है। समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक, रियो की एक अदालत ने फ्रैंकोइस अमिरिदिस को 30 दिनों के लिए जेल भेज दिया है। फ्रैंकोइस और कायरियाकोस अमिरिदिस 15 साल से पति-पत्नी थे। उनकी एक 10 वर्षीया बेटी भी है।
रियो पुलिस ने बताया कि फ्रैंकोइस को शहर की सबसे बड़ी बांगु जेल के महिला कारागार में रखा गया है।फ्रैंकोइस को शुक्रवार को एक पुलिसकर्मी के साथ हिरासत में लिया गया था, जिसका फ्रैंकोइस के साथ अवैध रिश्ता था और जो राजदूत की हत्या का संदिग्ध है।राजदूत की हत्या में शामिल होने के आरोप में पुलिसकर्मी के रिश्तेदार को भी गिरफ्तार किया गया है।उन्होंने स्वीकार किया कि फ्रैंकोइस ने उन्हें हत्या के लिए 24,400 डॉलर की राशि का प्रस्ताव दिया था।रियो के एक उत्तरी उपनगर नोवा इग्वाकु में एक पुल के नीचे गुरुवार को एक जली हुई कार में कारियाकोस अमिरिदिस का शव मिला था।ग्रीस के विदेश मंत्रालय ने शनिवार को अमिरिदिस की मौत को दुखद बताया।मंत्रालय ने एक बयान में कहा, "हम राजदूत अमिरिदिस की दुखद मौत पर गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं। उन्होंने अपने पूरे राजनयिक कार्यकाल में ग्रीस की पूरी श्रद्धा और जिम्मेदारी के साथ सेवा की।"बयान के मुताबिक, अमिरिदिस ने जनवरी 2016 में ब्राजील के लिए ग्रीस के राजदूत का पद संभाला था।--आईएएनएस
|
|
Comments: