भाजपा ने बूथ कार्यकर्ताओं को पंचपरमेश्वर की उपमा दी है और इस कार्यकर्ता सम्मेलन को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अमित शाह सम्बोधित कर दिल्ली नगर निगम के लिए चुनाव प्रचार का शंखनाद करेंगे-मनोज तिवारी
दिल्ली नगर निगम का आगामी चुनाव, विकास ठप्प कर भ्रष्टाचार, भाई-भतीजावाद फैलाने वाली सरकार के विरूद्ध दिल्ली की जनता को जनादेश देने का एक मौका है और भाजपा का विश्वास है कि जनता विवेकशील निर्णय देगी- विनय सहस्त्रबुद्धे
नई दिल्ली, 24 मार्च। दिल्ली भाजपा ने शनिवार 25 मार्च को आयोजित पंचपरमेश्वर सम्मेलन के संदर्भ में एक पत्रकारवार्ता का आयोजन सम्मेलन स्थल रामलीला मैदान में किया। भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं सांसद श्री विनय सहस्त्रबुद्धे, प्रदेश प्रभारी श्री श्याम जाजू, सह-प्रभारी श्री तरूण चुघ, बूथ प्रबंधन के संयोजक श्री तिलक राज कटारिया एवं सह-संयोजक श्री हर्ष मल्होत्रा और प्रदेश पदाधिकारियों श्री राजीव बब्बर, श्रीमती कमलजीत सहरावत, श्री हरीश खुराना, श्री अशोक गोयल, श्री नवीन कुमार एवं श्री तजेन्द्र पाल सिंह बग्गा की उपस्थिति में प्रदेश अध्यक्ष श्री मनोज तिवारी ने कहा कि आगामी नगर निगम चुनाव के लिए संगठनात्मक तैयारियों का पहला चरण पूर्ण करते हुये दिल्ली के सभी 13372 पोलिंग बूथों से जुड़े कार्यकर्ताओं का सम्मेलन शनिवार 25 मार्च को रामलीला मैदान में आयोजित किया है।
भाजपा ने बूथ कार्यकर्ताओं को पंचपरमेश्वर की उपमा दी है और इस कार्यकर्ता सम्मेलन को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अमित शाह सम्बोधित कर दिल्ली नगर निगम के लिए चुनाव प्रचार का शंखनाद करेंगे। केन्द्रीय शहरी विकास मंत्री श्री एम. वैंकेया नायडू एवं भाजपा के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री श्री रामलाल और दिल्ली के सभी सांसदों सहित अन्य वरिष्ठ नेता एवं पदाधिकारी भी कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करेंगेे।
श्री तिवारी ने बताया कि रामलीला मैदान को भाजपा के 14 संगठनात्मक जिलों के क्रमानुसार 14 बाड़ों में बांटा गया है और प्रत्येक बाड़े में एल.ई.डी. स्क्रीन लगाई जायेगी ताकि कार्यकर्ताओं को दूरी से भी राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अमित शाह का सम्बोधन सुनने में असुविधा न हो। इस कार्यक्रम की विशेषता यह है कि कार्यकर्ताओं के लिए जलपान आदि की व्यवस्था का कार्य भी पार्टी कार्यकर्ता ही देखेंगे।
पत्रकारों के प्रश्नों का जवाब देते हुये भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्री विनय सहस्त्रबुद्धे ने कहा कि दिल्ली सरकार के कुकृत्यों के चलते गत दो वर्षों में विकास पूरी तरह ठप्प हो गया है और राष्ट्रीय राजधानी आज अराजकता एवं सरकारी भ्रष्टाचार का केन्द्र बन गई है।
श्री सहस्त्रबुद्धे ने कहा कि दिल्ली नगर निगम का आगामी चुनाव, विकास ठप्प कर भ्रष्टाचार, भाई-भतीजावाद फैलाने वाली सरकार के विरूद्ध दिल्ली की जनता को जनादेश देने का एक मौका है और भाजपा का विश्वास है कि जनता विवेकशील निर्णय देगी।
|
Comments: