भोपाल, 3 दिसंबर (आईएएनएस)| मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के जंबूरी मैदान में सरकार ने रविवार को राज्य में संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया है। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में प्रदेशभर से हितग्राही हिस्सा लेंगे। कांग्रेस ने इस आयेाजन पर शिवराज की ब्रांडिंग पर 100 करोड़ रुपये खर्च करने का आरोप लगाया है। आधिकारिक तौर पर मिली जानकारी के अनुसार, इस आयोजन में प्रदेश भर से लगभग सात लाख हितग्राहियों के आने की संभावना है। इन हितग्राहियों की संख्या को ध्यान में रखकर 14 प्रवेश द्वार बनाए गए हैं। जंबूरी मैदान को भव्य रूप दिया गया है।
पंचायत एवं ग्रामीण विकास और भोपाल जिला प्रभारी मंत्री गोपाल भार्गव ने शनिवार को जंबूरी मैदान पर होने वाले गरीब कल्याण की योजनाओं पर जन-जागरण और प्रशिक्षण कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि सम्मेलन में योजनाओं की जानकारी दी जाएगी।लोक निर्माण मंत्री रामपाल सिंह ने जंबूरी मैदान पर बनाए गए 84 सेक्टर के विषय में जानकारी ली। उन्होंने प्रदर्शनी स्थल पर सभी पांच डोम का अवलोकन किया, जहां पर विभिन्न जन-कल्याणकारी योजनाओं से संबंधित प्रदर्शनी लगाई जानी है।इस आयोजन को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अरुण यादव ने मुख्यमंत्री चौहान द्वारा अपनी ब्रांडिंग का आयोजन करार दिया है। उन्होंने एक बयान जारी कर कहा, "राज्य पर एक लाख 20 हजार करोड़ रुपयों का कर्ज है और यह सरकार कर्ज लेकर निर्थक आयोजन कर रही है। औसत प्रतिव्यक्ति 20 हजार रुपये के कर्ज से दबा हुआ है। ऐसे समय अपनी असफलताओं को छुपाने के लिए करोड़ों रुपये की फिजूलखर्ची किसे, कैसा और कितना लाभान्वित करेगी, खोज का विषय है?"उन्होंने कहा, "इस आयोजन में सात लाख लोगों के हिस्सा लेने की बात कही जा रही है, जिलाधिकारियों को प्रत्येक जिले से 15 से 20 हजार आंगनवाड़ी व भाजपा कार्यकर्ताओं को लाने-ले जाने की जिम्मेदारी दी गई है। 12 हजार बसें जिला कलेक्टरों व परिवहन अधिकारियों ने बलात अधिगृहित की हैं और प्रत्येक हितग्राही पर 650 रुपये का खर्च आंका गया है। सिर्फ भोजन के लिए प्रति व्यक्ति 200 रुपये का बजट सुनिश्चित किया गया है।"--आईएएनएस
|
Comments: