नई दिल्ली, 20 अक्टूबर: राष्ट्रीय राजधानी के अमन विहार इलाके में अज्ञात हमलावरों ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एक कार्यकर्ता की गोली मारकर हत्या कर दी।
पुलिस ने गुरुवार को यह जानकारी दी। प्रॉपर्टी डीलर व किराड़ी इलाके में भाजपा अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति प्रकोष्ठ के अध्यक्ष आशाराम (46) को बुधवार को रात 8.45 बजे के आसपास अज्ञात हमलावरों ने दो गोलियां मारीं।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, "आशाराम अपनी पत्नी सुनीता के साथ अमन विहार इलाके में स्थित अपने कार्यालय में बैठे थे। अज्ञात हमलावर जबरदस्ती उनके कार्यालय में घुस आए और उन्हें गोली मार दी। गोली मारने के बाद हमलावर भाग निकले।
"आशाराम को नजदीक में स्थित संजय गांधी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।अधिकारी ने कहा कि अमन विहार पुलिस थाने में अज्ञात हमलावरों के खिलाफ हत्या का एक मामला दर्ज किया गया है।
आशाराम अपनी पत्नी तथा तीन बच्चों के साथ अमन विहार इलाके के प्रवेश नगर में रहते थे। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि इस हत्या का कारण कहीं आपसी रंजिश तो नहीं।
--आईएएनएस
|
Comments: